विद्याधर नगर इलाके में क्रॉस मॉल के पास मंगलवार रात करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार तीन मजदूरों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर मैरिज गार्डन में कैटरिंग का काम करने के बाद साइकिलों से जालूपुरा स्थित अपने किराए के मकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने 45 वर्षीय देवत्त बेहरा उर्फ टप्पू, निवासी बालेश्वर (ओडिशा) को मृत घोषित कर दिया। घायल संग्राम और अमूल्य पात्र को प्राथमिक उपचार के बाद कांवटिया और एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि हादसे के समय करीब 18 से 20 कैटरिंग वर्कर साइकिलों पर सवार होकर जालूपुरा लौट रहे थे। सभी मजदूर दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं और वहीं किराए पर रहते हैं। क्रॉस मॉल के पास अचानक तेज रफ्तार कार ने तीन साइकिल सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में साइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध कार के नंबर मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। मामले में ठेकेदार को भी बुलाकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आक्रोश जताया। बताया जा रहा है कि कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं, लेकिन वे अस्पताल नहीं गए। स्थिति को संभालने के लिए एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत, एसीपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश कर शांत कराया।


