भास्कर न्यूज|लोहरदगा पीएमश्री राजकीय कृत मध्य विद्यालय नवाडी पाड़ा में कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम का भव्य व प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की विविध संस्कृति से परिचित कराना तथा उनमें आपसी भाईचारे, सहयोग और सांस्कृतिक समझ का विकास करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय ने पश्चिम बंगाल राज्य की संस्कृति को अपनाया। विद्यालय परिसर को पश्चिम बंगाल की पारंपरिक शैली और रंगों से सजाया गया। बच्चों ने पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अंजूषा उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। इससे बच्चे न केवल अन्य राज्यों की संस्कृति, भाषा और खान-पान को समझते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना भी विकसित होती है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण राम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएमश्री योजना के अंतर्गत ऐसे नवाचार आधारित कार्यक्रम बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान देने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा को रुचिकर बनाया जा सकता है, जिससे बच्चों में सीखने की ललक बढ़ती है। जिला के अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा जिला दंडाधिकारी प्रमोद कुमार दास भी निर्वाचन कार्य के निमित्त इस विद्यालय में उपस्थित हुए और बच्चों द्वारा लगाए गए एफएलएन मेला का अवलोकन किए और बच्चों द्वारा एफएलएन मेला में लगाए गए स्टॉल का आलोकन किए। जिला अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा ने बच्चों द्वारा लगाए गए एफएलएन मेला का अवलोकन करते हुए कहा कि पीएमश्री राजकीय कृत मध्य विद्यालय नवाडी पाड़ा में बच्चों द्वारा प्रस्तुत एफएलएन मेला अत्यंत सराहनीय है। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समिति सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।


