विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम लक्ष्मण और माता सीता की वेशभूषा धारण कर दी प्रस्तुति

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में 2 से 7 फरवरी के बीच 6 दिवसीय वार्षिक उत्सव आयोजन किया गया। उत्सव के अंतर्गत खेल, साहित्य, कला और सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए। आयोजन में विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, कला प्रतिभा और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित रहा, जिसमें संगीत, नृत्य एवं मंचीय प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिला। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पंकज लुका ने अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। संयुक्त संचालक एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल मनोहर राव देशकर ने स्वागत संबोधन दिया। समारोह में मुख्य अतिथि खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति वाइस चांसलर डॉ. लवली शर्मा रहीं। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. शर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को कला, संस्कृति और साहित्य के संरक्षण और संवर्धन करने प्रेरित किया। इस प्रकार के आयोजनों को व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी बताया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नेतृत्व डॉ. अतुल मनोहर राव देशकर, फाइन आर्ट का डॉ. प्रतिमा कुजूर और डॉ. सुनीता मेश्राम, साहित्य नेतृत्वकर्ता डॉ. दिव्या साहू, खेलकूद स्पर्धा का नेतृत्व डॉ. अराधना टोप्पो ने किया। गीत और संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया सभी गतिविधियों का संचालन संस्थान के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक संध्या में गणेश वंदना, बारहमासी नृत्य, एकल एवं युगल गायन, समूह नृत्य एवं अन्य रंगा-रंग विधाओं ने श्रोता और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के द्वारा प्रस्तुत थीम वॉक मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा। जिसने सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदेशों को प्रभावी ढंग से मंच पर उकेरा। थीम वॉक व बारहमासी नृत्य की प्रस्तुति दी गई थीम वॉक एवं बारहमासी नृत्य में संस्थान के वि द्यार्थियों को चार समूहों में विभाजित कर विभिन्न विषयों पर सृजनात्मक प्रस्तुति दी गईं। बारहमासी नृत्य से छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं, त्योहारों एवं मांगलिक कार्यों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। प्रत्येक समूह ने अपनी विशिष्ट परिकल्पना, वेशभूषा एवं मंच-सज्जा के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों की सराहना मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *