निवाड़ी जिले के जलंधर गांव में शाम 4 बजे विद्युत मोटर पंप चलाने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। झगड़ा कुछ देर बाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष के मनोहर यादव ने आरोप लगाया है कि मेरे चाचा तेज सिंह यादव और परिवार के अन्य सदस्यों ने हम पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसमें अभिषेक यादव, मनोहर यादव, महादेवी यादव सहित एक अन्य महिला घायल है। पृथ्वीपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी पंकज मुद्गल ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


