छत्तीसगढ़ के डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का सहायक शिक्षक भर्ती 2023 को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को 66वें दिन रहा गया। अभ्यर्थी 2300 खाली पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मेरिट लिस्ट में नाम आने और कोर्ट के आदेश के बावजूद अब तक नौकरी नहीं दी गई। ऐसे में वो कानून के दायरे में रहकर आंदोलन कर रहे हैं। 25 फरवरी को विधानसभा सत्र के दौरान डीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति का मुद्दा उनके क्षेत्रीय विधायक के जरिए सदन में उठाया गया था। इस दौरान कुछ अभ्यर्थी वैध अनुमति लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचे थे। अभ्यर्थियों का दावा है कि इस बारे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पहले ही सूचना दी गई थी।इसके बावजूद आरोप है कि विधानसभा गेट नंबर-3 के पास से 6 डीएड अभ्यर्थियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170 के तहत केस दर्ज किया। जिसमें विधानसभा में नुकसान पहुंचाने और मंत्रियों के बंगले में पेट्रोल फेंकने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। बाद में सभी को एसडीएम कार्यालय ले जाया गया, जहां आंदोलन खत्म करने का दबाव बनाया गया।


