विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर परिसर में प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक महेश परमार समेत कई विधायक गंदा पानी भरी बोतलें लेकर पहुंचे। कांग्रेस ने भागीरथपुरा में 38 मौतों के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सदन के भीतर सिंघार ने इस मुद्दे पर चर्चा नहीं कराए जाने का सवाल उठाया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अलग से समय देने का आश्वासन दिया। कांग्रेस चीफ व्हिप सोहनलाल वाल्मीकि ने छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत का मामला उठाते हुए कहा कि अब तक किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण को अधूरा बताया और कहा कि 2047 तक की कोई स्पष्ट कार्ययोजना नहीं है। बरैया की भाषा पर सदन में हंगामा : कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया ने दतिया के बरौनी छात्रावास में गड़बड़ी और सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। भाजपा की रीति पाठक ने उनकी भाषा पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और हंगामा हुआ।


