विधानसभा में आज प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस होगी। बहस के दौरान कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच सरकार के कामकाज और योजनाओं को लेकर खूब वार-पलटवार होंगे। कांग्रेस मनरेगा को कमजोर करने के मुद्दे पर सरकार को घेरने का प्रयास करेगी। कल (बुधवार) ही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस विधायकों ने गैंती फावड़े और तगारी लेकर विधानसभा गेट तक प्रदर्शन किया था। राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान कांग्रेस विधायक मनरेगा को कमजोर करने का मुद्दा उठाएंगे। नए प्रावधान में 125 दिन के रोजगार का दावा राज्यपाल के अभिभाषण में वीबीजीरामजी का जिक्र करते हुए नए कानून की तारीफ की गई थी। अभिभाषण में वीबीजीरामजी को महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज्य की अवधारणा को आगे बढ़ाने वाला बताया है। साथ ही नए प्रावधान में 125 दिन के रोजगार का दावा किया है। कांग्रेस का आरोप-मनरेगा को बंद करने की साजिश बीजेपी नए प्रावधानों को अच्छा बता रही है जबकि कांग्रेस इसके विरोध में है। कांग्रेस का आरोप है कि मनरेगा में पहले 90 प्रतिशत पैसा केंद्र देता था। अब वीबीजीरामजी में केंद्र केवल 60 फीसदी पैसा ही देगा, राज्यों को 40 प्रतिशत फंड देना होगा। राज्यों के पास इतना फंड ही नहीं है, इसलिए मनरेगा को बंद करने की साजिश है।


