विधानसभा में मंत्री किरोड़ी ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को भेजी पर्ची:दीया कुमारी कांग्रेस विधायकों से बोलीं- आपको भी ताली बजानी चाहिए

कश्ती चलाने वालों ने जब हार के दी पतवार हमें
लहर-लहर तूफान मिले और संग-संग मझधार हमें
फिर भी दिखाया है हमने और आगे भी दिखा देंगे
इन हालात में भी आता है दरिया करना पार हमें राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने इन पंक्तियों के साथ आज (बुधवार) बजट पेश करने की शुरुआत की। इस बार बजट की अटैची का रंग भी बदला हुआ था। दीया कुमारी लाल-सफेद ‘फागुनिया’ (बंधेज) साड़ी पहनकर सदन में पहुंचीं। उन्होंने फागुन महीने और राजस्थानी परंपरा से जुड़ाव को दिखाया। इससे पहले 19 फरवरी 2025 को भी लाल-सफेद के फाग की चुनरी पहनकर पहुंची थीं। सदन के बाहर और अंदर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंसी-ठिठोली और वार-पलटवार भी खूब चला। दीया कुमारी ने कांग्रेस विधायकों से कहा- आपको भी ताली बजानी चाहिए, ये राजस्थान को मिला है, भारतीय जनता पार्टी को नहीं। सदन के बाहर विधायक बालमुकुंदाचार्य से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोंविद सिंह डोटासरा ने कहा-महाराज मेंटल हॉस्पिटल रामगंज मंडी में ही दीजिएगा। सरकार समर्पण भाव के साथ काम कर रही दीया कुमारी ने कवि सोहनलाल द्विवेदी की निरंतर कर्म कर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की पंक्तियों को पढ़ा। उन्होंने कहा- चलो नई मिसाल हो,
जलो नई मिसाल हो,
बढ़ो नया कमाल हो,
झुको नही, रूको नही, बढ़े चलो, बढ़े चलो । दीया कुमारी ने इस कविता के माध्यम से कहा कि सरकार समर्पण भाव के साथ काम करते हुए प्रदेश की अर्थव्यस्था को आगे लेकर जाएगी। प्रजा के सुख में राजा का सुख
प्रजासुखे सुखं राज्ञः प्रजानां च हिते हितम्। अर्थात राजा का सुख प्रजा के सुख में है और हित भी प्रजा के हित में है। दीया कुमारी ने कहा- कम भोज कम बोझ अधिक भरोसा और तेज फैसला, इसी सिद्धांत पर हमारी डबल इंजन की सरकार काम कर रही है
मानसिक स्वास्थ्य…पर विधानसभा में लगे ठहाके
दीया कुमारी ने हंसते हुए कहा-ये सभी के लिए, सबको सुनना चाहिए। मानसिक रोगों की शीघ्र पहचान पर परामर्श, उपचार पुनर्वास एवं रेफरल सेवाए उपलब्ध कराने के लिए जिला मुख्यालयों पर मेंटल हेल्थकेयर सेल की स्थापना की जाएगी। यह सुनते ही विधानसभा में ठहाके लगने लगे। 4 पॉइंट में पढ़िए-सदन के अंदर की हंसी-ठिठोली 1. बजट भाषण के दौरान किरोड़ी ने डोटासरा को भेजी पर्ची
बजट भाषण के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा पर्ची की रही। कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को एक पर्चा भेजी। पर्ची पढ़कर डोटासरा मुस्कुराए और पर्ची अपनी जेब में रख ली। इसी तरह से एक पर्ची सीएम भजनलाल शर्मा तक भी पहुंचीं। वे भी पर्ची पढ़कर मुस्कुरा गए। 2. डोटासरा ने कहा-भाषण मत दीजिए
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री दीया कुमारी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान के तहत राजस्थान टॉप अचीवर्स रहा है। यह हम सब के लिए गर्व की बात है, बजाओ आप ताली।
विपक्ष की ओर से ताली नहीं बजाने पर वित्त मंत्री ने कहा कि यह अचीवमेंट राजस्थान का है, केवल भारतीय जनता पार्टी का नहीं है। दीया ने कहा कि डबल इंजन की सरकार लगातार इस दिशा में काम रही है। इस पर डोटासरा ने कहा कि भाषण नहीं, बजट पढ़िए। 3. किरोड़ी बोले-अपनी तरह से जगा हुआ हूं
बजट भाषण शुरू होने के करीब 14 मिनट बाद कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा सदन में पहुंचे। अचानक डोटासरा ने उनकी तरफ इशारा करके कहा कि कृषि मंत्री सो गए हैं। स्पीकर ने कहा कि आप बैठ जाइए,आपने उन्हें जगा दिया। इस पर किरोड़ी ने कहा कि मैं अपनी तरह से जगा हुआ हूं। इससे पहले भी डोटासरा ने कहा- मैडम जोश बनाकर रखो, सबको नींद आ गई। 4. स्कूलों की मरम्मत को लेकर कहा- शर्म आनी चाहिए
दीया कुमारी ने बजट भाषण में कहा कि पिछली सरकार ने स्कूल बिल्डिंग की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। जिससे कई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुईं। मैं स्कूल बिल्डिंग की मरम्मत के लिए 550 करोड़ रुपए की घोषणा करती हूं। इस पर डोटासरा ने कहा कि जर्जर स्कूल और क्लासरूम की मरम्मत के लिए 20 हजार करोड़ की आवश्यकता है, आप क्या दे रहे हो, आपको शर्म आनी चाहिए। इस पर सदन में हंगामा हो गया, विपक्षी विधायक शेम-शेम के नारे लगाने लगे। इन पंक्तियों के साथ बजट का समापन राह में मुश्किल होगी हजार,
तुम दो कदम बढाओ तो सही,
हो जाएगा हर सपना साकार,
तुम चलो तो सही, तुम चलो तो सही। मुश्किल है पर इतना भी नहीं,
कि तू कर ना सके,
दूर है मंजिल लेकिन इतनी भी नहीं,
कि तु पा ना सके,
तुम चलो तो सही, तुम चलो तो सही। डोटासरा बोले-रामगंज मंडी में दिया जाए मेंटल हॉस्पिटल
बजट पेश होने के बाद सदन के बाहर विधायक बालमुकुंदाचार्य की गोविंद सिंह डोटासरा से बातचीत हुई। इस दौरान डोटासरा ने कहा- महाराज यदि मेंटल हॉस्पिटल देना ही है तो उसे रामगंज मंडी में ही दिया जाए, किसी दूसरी जगह नहीं।
पहले पढ़िए- दीया कुमारी के 3 बजट, 3 साड़ी और राज्य को घोषणा वित्त मंत्री दीया कुमारी ने लाल चुंदडी की साड़ी में बजट पेश किया। 19 फरवरी 2025 को लाल-सफेद रंग की फागुनिया बंधेज की साड़ी पहनी थीं। इस बार उन्होंने सेम पैटर्न रिपीट किया। लाल रंग से शुभता और बंधेज से राजस्थानी परपंरा की छाप छोड़ी।
बजट के दौरान हंगामा 1- दीया कुमारी का गहलोत पर तंज दीया कुमारी ने कहा- सरकार स्कूली बच्चों को खेल सामग्री और जादुई पिटारा देगी। इस पर 323 करोड़ खर्च होंगे। दीया कुमारी ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए का कि हमारा जादुई पिटारा पहले वालों की तरह नहीं है, उन्होंने कहा था कि आप मांगते-मांगते थक जाओगे, मैं देते-देते नहीं थकूंगा। हमारा जादुई पिटारा बच्चों के विकास के लिए है। 2- जर्जर स्कूलों की मरम्मत के बजट पर विपक्ष का हंगामा जर्जर स्कूलों की मरम्त से ज़ुड़ी घोषणा पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा ने बीच में खड़े होकर कहा कि 3000 से ज्यादा स्कूल भवन जर्जर हैं, इस बजट से क्या होगा। सदन के बाहर वार-पलटवार 1- जूली बोले-जुमलों की बरसात होगी नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बजट से पहले चुटकी लेते हुए कहा कि इस बार भी जुमलों की बरसात होने वाली है। आज बजट में ऐसा लगेगा कि युवाओं को नौकरी मिल जाएगी। सारी सड़कें भी ठीक हो जाएंगी। घरों में पानी आ जाएगा। आज कोई कमी नहीं रहेगी। जूली से कहा- इन्होंने (सरकार) अपने 3 बजट में 2700 से ज्यादा घोषणाएं की हैं। जिनमें से मात्र 26 परसेंट घोषणाएं पूरी हुई हैं। एक कहावत है- कर्ज लेकर घी पीना। ये सरकार वही काम कर रही है। इस बार भी जुमलों की बरसात होने वाली है। 2- घोषणा होगी, फिर डीपीआर ही बनती रहेगी पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- पहले बजट में जितनी घोषणाएं की गईं उनमें से कितनी क्रियान्विती हुईं। आज देखते हैं क्या देने वाले हैं। किसान के लिए क्या दिया जाएगा। बेरोजगारों को क्या दिया जाएगा। मुझे तो लग रहा है कि केवल सड़कों की घोषणा करेंगे। जिसकी डीपीआर बनती रहेगी। इसके अलावा इनके पास करने-धरने के लिए कुछ नहीं है। 3- कांग्रेस के छक्के छूट जाएंगे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा-बेहतरीन बजट होगा। महिला सशक्तिकरण, युवा, विकसित राजस्थान,किसान सबके हितों का बजट होगा। कांग्रेस को दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर कर देगा। कांग्रेस के छक्के छूट जाएंगे आज के बजट के बाद। 4- पंच तत्व को भगवान मानते,बजट ऐतिहासिक होगा विधायक बालमुकंदाचार्या ने कहा- बजट हर वर्ग के लिए होगा। हम सनातनियों का एक स्वभाव रहता है कि पंच तत्व को भगवान मानते हैं। जीव-जंतु पशु-पक्षी, कुएं-बावड़ी, किसान सभी के लिए बजट ऐतिहासिक होगा। — राजस्थान बजट से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… बजट का सार- ‘बिना घी का चूरमा’:323 करोड़ के जादुई पिटारे ने चौंकाया, हर वर्ग को लुभाया, जानिए क्यों नहीं की 1 लाख भर्तियों की घोषणा राजस्थान में कहावत है, बिना घी का चूरमा बनाना। यानी, स्वादिष्ट चूरमा भी बन गया और घी भी नहीं लगा। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राजनीतिक चतुराई से इस बार उन घोषणाओं पर फोकस किया है, जिनमें पैसा कम खर्च हो, लेकिन असर ज्यादा दिखे। जैसे, बजट में खेल किट के साथ जादुई पिटारा देना। (पढ़िए पूरी खबर) राजस्थान में लाई जाएगी नई जल नीति:3 हजार संविदा भर्तियां करेगी सरकार, बजट 1800 करोड़ की लागत से नई सड़कें-ब्रिज बनाने की घोषणा वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट में जलदाय विभाग में 3 हजार संविदा कर्मियों की नियुक्ति की घोषणा की है। (पढ़िए पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *