विधानसभा में आज राजस्व की अनुदान मांगों पर बहस शुरू होने से पहले इसका प्रस्ताव रखते वक्त राजस्व मंत्री हेमंत मीणा से चूक हो गई। हेमंत मीणा अनुदान मांग की राशि गलत बोल गए, जिसकी वजह से मंत्री से दोबारा प्रस्ताव रखवाया गया। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने राजस्व मंत्री से डिमांड की राशि सही बोलने को कहा। हेमंत मीणा ने अनुदान मांग की राशि 23 अरब 34 करोड़ 68 लाख 1 हजार बोल गए, जबकि डिमांड राशि 23 अरब 34 करोड़ 61 लाख 1 हजार थी। 61 लाख की जगह 68 लाख बोलने की इस चूक को बाद में सुधारा गया। विधानसभा में अनुदान मांगों पर बहस शुरू होने से पहले संबंधित विभाग के मंत्री अनुदान राशि बोलते हुए प्रस्ताव रखते हैं। कांग्रेस विधायक रीटा चौधरी बोलीं- झुंझुनू का प्रभारी मंत्री हवेलियों पर कब्जे करवाने में लिप्त राजस्व की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान कांग्रेस विधायक रीटा चौधरी ने झुंझुनू के प्रभारी मंत्री (सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत) पर गंभीर आरोप लगाए। रीटा चौधरी ने कहा- मेरे क्षेत्र मंडावा में हवेलियों और जमीन कब्जे करने माफिया सक्रिय हैं। मैंने इसकी शिकायत कई जगह की, प्रभारी मंत्री को भी फोन किया। लेकिन फोन नहीं उठाया। प्रभारी मंत्री हवेलियों पर कब्जा करवाने सहित कई तरह के गलत कामों में लिप्त हैं। उस वक्त का कलेक्टर भी गड़बड़ी कर रहा था। रीटा चौधरी ने कहा- मैंने मुख्यमंत्री से मिलने का वक्त मांगने फोन किया, उस वक्त तो फोन नहीं उठाया, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री का लौटकर फोन आया। मैंने मिलने का वक्त मांगा, वक्त दिया गया। मैं सीएम से मिलने गई तो वहां पहले से आरएसएस के कुछ पदाधिकारी कई बीजेपी विधायक बैठे थे। उनसे मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने मुझे मिलने बुलाया। मुख्यमंत्री ने पूछा- आप कहां से विधायक हो? ऐसे हालात हैं, मैं तो अपना काम भी नहीं बता सकी। मुख्यमंत्री पिछले दिनों जवाब के दौरान कह रहे थे कि कोई विधायक फोन करेंगे तो उनका काम होगा। हमारे वक्त मुख्यमंत्री विपक्ष के विधायकों से पहले मिलते थे। आज पांच साल बनाम दो साल पर बहस होगी, शाम को सीएम देंगे जवाब विधानसभा में आज राजस्व की अनुदान मांगें पारित होने के बाद दोपहर बाद से पांच साल बनाम दो साल पर बहस होगी। मौजूदा सरकार के दो साल और कांग्रेस सरकार के पांच साल के कामकाज पर होने वाली इस बहस में दोनों तरफ से खूब वार-पलटवार का दौर चलेगा। कांग्रेस विधायक सरकार की कई मार्चों पर विफलताओं के आरोप लगाते हुए घेरेंगे। बीजेपी विधायक भजनलाल सरकार के दो साल के कामकाज गिनाते हुए कांग्रेस राज की विफलताओं पर पलटवार करेंगे। जयपुर से जुड़ी अपनी जनसमस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें।


