विधानसभा में राज्य का पेश हुआ बजट:वित्त मंत्री दिया कुमारी बोली- हमारे पास कोई जादू नहीं…हम 323 करोड़ से स्कूली बच्चों को जादुई पिटारा देंगे

विधानसभा में राज्य का बजट पेश करते हुए डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री दिया कुमारी ने 2 घंटे 52 मिनट में 10 संकल्पों के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, पेयजल, स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई घोषणाएं की। बजट भाषण के दौरान भाजपा व कांग्रेस विधायकों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। दिया कुमारी ने लेखकों के कथनों व काव्य पंक्तियों के साथ ही संस्कृत कथनों का भी बजट भाषण में जिक्र किया। वित्त मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हमारे पास जादुई पिटारा नहीं है, जो कहते थे कि तुम मांगते -मांगते थक जाओगे, मैं देता-देता नहीं थकूंगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारे पास तो बच्चों के लिए जादुई पिटारा है। सरकार स्कूली बच्चों को खेल सामग्री और जादुई पिटारा देगी। ताकि बच्चे अच्छी पढ़ाई कर सकें। इस पर 323 करोड़ खर्च होंगे। इस पर सत्ता पक्ष ने मेज थपथपा कर समर्थन दिया। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंसी-ठिठोली और वार-पलटवार भी खूब चला। वित्त मंत्री ने सुबह 11.02 बजे बजट पढ़ना शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश में संकल्प से सिद्धि, नीयत से नीति और आकांक्षा से उपलब्धि की ओर अग्रसर करने वाला है। सुनिए… सब के लिए जरूरी है मानसिक स्वास्थ्य दिया कुमारी ने कहा कि सुनिए… सब के लिए जरूरी है मानसिक स्वास्थ्य, सबको सुनना चाहिए। मानसिक रोगों की शीघ्र पहचान पर परामर्श, उपचार पुनर्वास एवं रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला मुख्यालयों पर मेंटल हेल्थकेयर सेल की स्थापना की जाएगी। यह सुनते ही विधानसभा में ठहाके लगने लगे। दोनों पक्ष एक दूसरे की तरफ इशारे करने लगे। डोटासरा बोले- बजट पढ़िए, भाषण मत दीजिए
वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान के तहत राजस्थान टॉप अचीवर्स रहा है। यह अचीवमेंट राजस्थान का है, केवल भाजपा का नहीं है। आपको भी ताली बजानी चाहिए। इस पर डोटासरा ने कहा-भाषण नहीं, बजट पढ़िए। डोटासरा व किरोड़ीलाल के बीच हंसी-ठिठोली
बजट भाषण के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने उठ कर कहा कि कृषि मंत्री जी सो गए। इस पर सभी किरोड़ीलाल मीणा की तरफ देखने लगे। स्पीकर ने कहा कि आप बैठ जाइए,आपने उन्हें जगा दिया। इस पर किरोड़ी ने कहा कि मैं अपनी तरह से जगा हुआ हूं। जर्जर स्कूलों की मरम्मत के बजट पर हंगामा
दिया कुमारी ने कहा कि पिछली सरकार ने स्कूल बिल्डिंग की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया, जिससे दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुईं। मैं स्कूल बिल्डिंग की मरम्मत के लिए 550 करोड़ की घोषणा करती हूं। इस पर डोटासरा ने कहा कि जर्जर स्कूल और क्लासरूम की मरम्मत के लिए 20 हजार करोड़ की आवश्यकता है, आप क्या दे रहे हो। कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा ने कहा कि 3000 से ज्यादा भवन जर्जर हैं। इस पर सदन में हंगामा हो गया। सरकार समर्पण भाव के साथ काम कर रही
दिया कुमारी ने कवि सोहनलाल द्विवेदी की कविता पढ़ते हुए कहा कि चलो नई मिसाल हो, जलो नई मिसाल हो, बढ़ो नया कमाल हो, झुको नही, रुको नही, बढ़े चलो, बढ़े चलो। यानी कि सरकार समर्पण भाव के साथ काम करते हुए प्रदेश की अर्थव्यस्था को आगे लेकर जाएगी। बजट भाषण की शुरुआत ‘कश्ती’ से… अंत ‘तुम चलो तो सही’ के साथ वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बजट की शुरुआत और अंत कविता से की। शुरुआत में पूर्व सरकार पर कटाक्ष करते हुए काव्य पंक्तियां कही-
‘‘कश्ती चलाने वालों ने जब हार के दी पतवार हमें ।
लहर-लहर तूफान मिले और संग-संग मझधार हमें।
फिर भी दिखलाया है हमने, और आगे दिखा भी देंगे।
इन हालातों में आता है दरिया करना पार हमे।।’’ बजट भाषण का समापन करते हुए दिया कुमारी ने कविता के जरिए कहा कि –
राह में मुश्किल होगी हजार,
तुम दो कदम बढ़ाओ तो सही,
हो जाएगा हर सपना साकार,
तुम चलो तो सही, तुम चलो तो सही।
मुश्किल है पर इतना भी नहीं,
कि तू कर ना सके,
दूर है मंजिल लेकिन इतनी भी नहीं,
कि तू पा ना सके,
तुम चलो तो सही, तुम चलो तो सही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *