लुधियाना | आत्म नगर से विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक का कहना है कि पिछले 10 दिनों से उन्हें लगातार विदेशी नंबरों से गैंगस्टरों की धमकियां मिल रही हैं। विधायक सिद्धू ने बताया कि बीती रात उनके घर के बाहर कार में सवार चार युवक रेकी करते हुए भी देखे गए। इस घटना के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी है। सिद्धू के मुताबिक, धमकियों के बाद पुलिस ने कुछ समय पहले उनके घर के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए थे। उन्हें मेटल डिटेक्टर भी दिया गया था और घर में आने वाले हर व्यक्ति की जांच के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जाता था। लेकिन कुछ समय बाद पुलिस ने यह सुरक्षा व्यवस्था हटा ली। विधायक ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस कमिश्नर को भी अवगत करा दिया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार फिलहाल विधायक को कोई अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है। गौरहोकि आप के ही विधायक अशोक पराशर उर्फ पप्पी की सिक्योरिटी भी सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट मिलने के बाद बढ़ा दी गई है।


