जोधपुर के सूरसागर से भाजपा विधायक देवेंद्र जोशी ने बुधवार को विधानसभा में जलदाय और जल संसाधन विभाग की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने कांड किया और हमारी सरकार काम कर रही है। जोधपुर में पेयजल पानी कटौती का मुद्दा उठाते हुए गहलोत सरकार के दौरान अमृत-2 की योजना के नाम पर खुले भ्रष्टाचार को उजागर होने, पूर्ववर्ती सरकार के शासनकाल में जल जीवन मिशन योजना में हुई गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने तो इस योजना का नाम ही बदलकर ‘जमकर जीमो योजना’ बना डाला। कांग्रेस की सरकार पूरे 5 साल तक 5 सितारा होटलों से ही चली और इसी वजह से सरकार की संवेदनशीलता ही खत्म हो गई। जबकि, वर्तमान भाजपा सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में आमजन से जुड़े कार्यों को करने का रिकॉर्ड बना रही है। जोशी ने जोधपुर में पेयजल संकट के हालात के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को दोषी करार देते हुए कहा कि इंदिरा गांधी नहर की मरम्मत का कार्य कांग्रेस सरकार ने अटकाया और इसी वजह से आजकल सर्दी होने के बावजूद भी जोधपुर में पानी का संकट खड़ा है। बार-बार पेयजल कटौती की स्थिति बनी हुई है। इस समस्या के निराकरण के लिए उन्होंने राज्य सरकार से त्वरित कदम उठाने की मांग की।


