राज्य बजट को लेकर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में विधायकों ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। महुवा विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र को लेकर पिछले दो वर्षों में कार्य कर रही है। बजट में किसान, युवा, महिला, बुजुर्ग और मध्यम वर्ग सहित सभी का ध्यान रखा गया है। दौसा के लवाण में देवनारायण छात्रावास और यूआईटी के मास्टर प्लान के लिए 5 करोड़ से जिला प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। सिकराय सड़कों के लिए 2 करोड़ व कृषि उपज मंडी समेत कई सौगात मिली हैं तो बांदीकुई क्षेत्र में रेलवे फाटक पर अंडरपास के लिए 35 करोड़ रुपए, नगरपालिका भवन, संत दुर्बलनाथ का पेनोरेमा समेत कई कार्य स्वीकृत हुए हैं। विकसित राजस्थान का बजट उन्होंने कहा कि बजट में 28 लाख परिवारों को आवास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, किसानों के लिए राहत एवं सम्मान निधि को मजबूती, महिलाओं के स्वावलंबन के लिए नई योजनाएं तथा बुजुर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा को और सशक्त किया गया है। बजट में ‘विकसित राजस्थान’ की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए गए हैं। ऐसे में यह बजट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि हर वर्ग के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने कहा कि बजट महिलाओं के सम्मान का बजट है। महिलाओं के उत्थान युवा छात्राओं तथा महिला उद्यमियों के लिए सम्मानजनक प्रावधान किए गए हैं। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शिव शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम हरितवाल, सियाराम शर्मा, राजेंद्र शर्मा, रिकी पोंटिंग, किशोरी लाल बैरवा, हरीश रावत, मंजू साहू सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


