डीग जिले के कामवन के बाजार में 11 मार्च को होली से पहले कामवन के मुख्य बाजार में खरीदारी के दौरान विधायक नौक्षम चौधरी ने रंग गुलाल खरीदे और दुकानदार के पैसे लेने से मना करने के बाद भी भुगतान किया। दोपहर के समय वह रामा श्यामा करने बाजार पहुंची थीं। रंगों से सजी दुकानों और खरीदारी कर रहे लोगों के बीच जब उन्होंने एक दुकान से गुलाल लिया और कीमत पूछी तो दुकानदार ने पैसे बताने और लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद विधायक ने दोबारा पूछकर पूरे दाम चुकाए। उस समय उनके साथ कार्यकर्ता भी मौजूद थे। रंगों से सजा बाजार, भीड़ में रुकीं विधायक होली के चलते बाजार में अलग अलग रंगों का गुलाल थालों में सजा था। दुकानों के आगे ग्राहकों की हलचल थी। इसी बीच विधायक नौक्षम चौधरी लोगों से मिलते हुए एक दुकान पर रुकीं और रंग चुनकर हाथ में लिया। रंग लेने के बाद विधायक ने सीधा सवाल किया, “कितने पैसे हुए?”, तो दुकानदार ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “पैसे नहीं लगेंगे, रहने दीजिए।” विधायक ने दोबारा पूछा दुकानदार के मना करने पर विधायक ने फिर पूछा, “सबको फ्री दे रहे हो क्या?”, तो दुकानदार ने कहा, “नहीं, ऐसा नहीं है।” इसके बाद विधायक ने फिर कहा, “तो बताइए कितने हुए?” दुकानदार योगेश ने बताया की विधायक ने 110 के गुलाल खरीदे। पूरे दाम चुकाकर आगे बढ़ीं आखिर में दुकानदार ने रकम बताई और विधायक ने अपने हाथ से रंग गुलाल के पूरे पैसे दिए। आसपास खड़े लोग यह बातचीत देख रहे थे। उनके साथ आए कार्यकर्ता भी वहीं मौजूद थे। बातचीत के बाद विधायक ने आगे बढ़कर अन्य दुकानदारों और लोगों से भी मुलाकात की। यह वीडियो सामने आने के बाद लोग विधायक नौक्षम चौधरी की सादगी की काफी तारीफ कर रहे हैं।


