झुंझुनूं में कलेक्ट्रेट सर्किल स्थित झुंझार सिंह पार्क में वीर झुंझा के 18वें प्रतिमा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा- वीरों का बलिदान हमारे समाज की असली धरोहर है। हमें अपनी जड़ों और वीरों के गौरवशाली इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए। वीर झुंझा जैसे महापुरुषों का त्याग और बलिदान ही वह नींव है, जिस पर आज का सुरक्षित और सशक्त समाज खड़ा है। वीर झुंझा का जीवन केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि संघर्ष, स्वाभिमान और साहस की प्रेरक पाठशाला है। सलाउद्दीन चौपदार फाउंडेशन लाइब्रेरी का शुभारंभ समारोह के दौरान विधायक राजेंद्र भांबू और कार्यक्रम अध्यक्ष, मदरसा बोर्ड चेयरमैन एमडी चौपदार ने डॉ. सलाउद्दीन चौपदार फाउंडेशन द्वारा स्थापित नई लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर एमडी चौपदार ने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल पुस्तकों का संग्रहालय नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ज्ञान, शोध और व्यक्तित्व विकास का आधुनिक केंद्र साबित होगी। 75 प्रतिभाओं को मिला सम्मान कार्यक्रम में जिले की 75 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, खेल, समाजसेवा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर झुंझुनूं का नाम रोशन किया है। अतिथियों ने सभी प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नेहरा ने अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ की। उन्होंने वीर झुंझा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतिमा स्थापना दिवस का यह आयोजन प्रतिवर्ष समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य कर रहा है।


