ब्यावर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव 31 मार्च को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर समाजसेवी विमल शाह को महोत्सव का संयोजक नियुक्त किया गया है। यह निर्णय विनोद नगर स्थित जैन जवाहर भवन में आयोजित सकल जैन समाज की साधारण सभा में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता श्री वर्धमान शिक्षण समिति के महामंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने की। इसमें ब्यावर जैन समाज के विभिन्न घटकों के प्रमुखों, सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। सर्वसम्मति से सुश्रावक विमल शाह को भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का संयोजक नियुक्त किया गया। उनकी घोषणा होते ही पूरा पांडाल जयघोषों से गूंज उठा। बैठक का शुभारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप से हुआ। इस दौरान गायक महेंद्र सांखला और गौतम चौधरी ने प्रभु महावीर के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नवनियुक्त संयोजक विमल शाह ने समाज द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव पांच दिवसीय होगा, जिसमें बच्चों से लेकर प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। धर्म, साधना, आराधना, जप-तप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे समाज को जोड़ा जाएगा। महोत्सव के मुख्य दिवस 31 मार्च को एक भव्य सामूहिक जुलूस (वरघोड़ा) निकाला जाएगा। इसे ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। समाजसेवी प्रकाश जैन ने जानकारी दी कि वर्ष 2003 से सकल जैन समाज के तत्वावधान में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव सामूहिक रूप से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सामूहिक आयोजन की पहल भी उस समय विमल शाह ने ही की थी, जो समाज की एकजुटता से निरंतर जारी है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए संघ प्रमुखों के सानिध्य में पुनः विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और इसे भव्य एवं ऐतिहासिक रूप देने की तैयारियां जोरों पर हैं।


