ब्यावर के विवेक दाधीच ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) राजस्थान की ऑडियोलॉजिस्ट भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर में 12वीं रैंक हासिल की है। उन्हें शनिवार को अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। यह भर्ती परीक्षा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित की गई थी। इसमें राज्यभर में कुल 70 पदों के लिए प्रतिस्पर्धा थी, जिसमें विवेक दाधीच ने 12वां स्थान प्राप्त किया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद विवेक दाधीच ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और विशेष रूप से अपनी पत्नी के धैर्य, त्याग व प्रोत्साहन को दिया। दाधीच ने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम है। वे ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रयास करेंगे। विवेक दाधीच की इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


