विधानसभा में महवा विधायक राजेंद्र मीना ने जांगिड़ ब्राह्मण समाज एवं समस्त शिल्पकार वर्ग के आराध्य देव भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती (माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी) पर राजकीय अवकाश घोषित किए जाने संबंधी विशेष उल्लेख प्रस्ताव प्रस्तुत किया। विधायक ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी सृष्टि के दिव्य शिल्पकार माने जाते हैं। प्रदेश एवं देशभर के कारीगर, शिल्पकार, इंजीनियर तथा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े सभी वर्ग श्रद्धा, हवन एवं उत्सव के साथ उनकी जयंती मनाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न समाजों एवं महापुरुषों की जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित कर जनभावनाओं का सम्मान किया गया है। ऐस में जांगिड़ ब्राह्मण समाज की न्यायोचित एवं सम्मानजनक मांग है कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर भी राजकीय अवकाश घोषित किया जाए। विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग को स्वीकार कर समाज को सम्मान प्रदान करें। राजेंद्र मीना ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार सकारात्मक निर्णय लेकर समाज की भावनाओं का सम्मान करेगी।


