भास्कर न्यूज | जालंधर जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी ने मेरिटोरियस स्कूल कैंपस में विश्व मानवाधिकार दिवस पर समारोह आयोजित किया, जिसका मुख्य उद्देश्य मानव मौलिक अधिकारों, न्याय और सम्मान के महत्व के प्रति जागरुकता बढ़ाना था। कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-अध्यक्ष , जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी निरभऊ सिंह गिल के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। एलडी सीजेएम-कम-सचिव राहुल कुमार आजाद ने विद्यार्थियों को यूडीएचआर की विभिन्न धाराओं तथा कमजोर वर्गों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुफ्त कानूनी सेवाओं के अधिकार, न्याय प्राप्त करने के तरीकों और विधिक सहायता की सरल उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्व मानवाधिकार दिवस वैश्विक अधिकारों की सतत लड़ाई का स्मरण कराता है। मेरिटोरियस स्कूल में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं- जो भविष्य के मार्गदर्शक हैं, को उनके अधिकारों व जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त पंजाब विषय पर 6 दिसंबर से एक माह तक मुहिम प्रारंभ की है, जिसके तहत जिले भर के स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और कम्युनिटी सेंटरों में पैनल अधिवक्ताओं व पैरा-लीगल वालंटियर्स द्वारा जागरुकता कार्यक्रम और रैलियां आयोजित की जाएंगी। यहां उप जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजीव जोशी, लेक्चरर प्रभजोत कौर, वार्डन सुखविंदर सिंह, सीनियर सहायक जगन्नाथ और सुखपाल मौजूद थे।


