विहंगम योग समिति ने किया 11 कुंडीय महायज्ञ

भास्कर न्यूज | बीजापुर महाशिवरात्रि पर विहंगम योग संत समाज ने बोरजे स्थित गुफा मंदिर में 11 कुंडीय विश्वशांति महायज्ञ व सत्संग साधना शिविर का आयोजन किया। इसमें जिले सहित दंतेवाड़ा, गीदम, किलेपाल और बास्तानार क्षेत्र से बड़ी संख्या में भक्त व शिष्य शामिल हुए। बताया जाता है कि हिंदू पंचांग के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन विहंगम योग संत समाज के प्रथम परंपरा सद्गुरु आचार्य धर्मचंद देव महाराज की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 11 कुंडीय महायज्ञ में संत समाज के शिष्यों व भक्तों ने आहूति दी। हवन के बाद भंडारा हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद सत्संग, भजन व प्रवचन हुआ। ग्राम एरामांगी की मंडली ने भजनों की प्रस्तुति दी। प्रवचन के दौरान वक्ताओं ने विहंगम योग की साधना पद्धति और इसके आध्यात्मिक महत्व के बारे में बताया। मुख्य अतिथि रहे जिपं सदस्य मेथियस कुजूर व बुदरू तेलम ने विहंगम योग समिति द्वारा क्षेत्र में शांति, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इसके साथ ही आश्रम परिसर में विद्युत, जल व्यवस्था व सड़क की समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन भी दिया। प्रांतीय उपाध्यक्ष केआर चापड़ी ने कहा कि विहंगम योग की साधना पद्धति अपनाने से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन व आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है। प्रांतीय मंत्री महेश चापड़ी ने सामूहिक रूप से क्रियात्मक साधना कराई। इस दौरान लच्छू लेकाम, पोरिया राम, अशोक मन्नैया, कुंजाम शेखर पटेल, वामन मंडावी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *