भास्कर न्यूज | लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने सामुदायिक भागीदारी मजबूत करने के लिए पुलिस लाइंस में शहर की 385 कमेटियों के 1500 से अधिक प्रतिनिधी जुटे। इनमें गांव डिफेंस कमेटी (वीडीसी) और वार्ड डिफेंस कमेटी (डब्ल्यूडीसी) के सदस्य शामिल थे। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के साथ अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रुपिंदर सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने सभी मेंबर्स को बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार-2.0’ के तहत 232 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और अवैध हथियार व नशीला सामान बरामद हुआ। ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के जरिए नशे की सप्लाई चेन तोड़ने पर फोकस किया जा रहा है। कमिश्नर ने कहा कि वीडीसी और डब्ल्यूडीसी सदस्य पुलिस की “आंख और कान” हैं और उनकी सूचना से कई मामलों में तेजी से कार्रवाई संभव हुई है। बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मोहल्ला निगरानी, ट्रैफिक समस्याओं के समाधान और पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। सदस्यों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। कई प्रतिनिधियों ने पुलिस की बढ़ी हुई सक्रियता और हालिया कार्रवाई की सराहना की। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि स्थानीय स्तर पर उठाए गए सुझावों पर अमल किया जाएगा। कमिश्नर स्वपन शर्मा ने कहा कि अपराध से लड़ाई में जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है और इस तरह की बैठकें पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत बनाती हैं।


