भास्कर न्यूज | बीजापुर विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम से गांवों की तस्वीर व तकदीर बदलने और 125 दिनों की रोजगार गारंटी पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडे ने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में पीएम नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। अटल सदन में आयोजित पत्रवार्ता में उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम गांवों को विकसित बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। किसानों से लेकर मजदूरों तक सशक्त और सुदृढ़ करने की पहल है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने ससंद में अपने पहले भाषण में ही स्पष्ट किया था कि उनकी सरकार गरीबों को समर्पित रहेगी। वीबी जी-राम-जी अधिनियम मनरेगा का उन्नत और प्रभावी रूप है। मनरेगा में 100 दिन तो इस अधिनियम में 125 दिनों की रोजगार गारंटी मिलेगी। मज़दूरों को भुगतान भी सात दिनों के भीतर किया जाएगा। समयसीमा में भुगतान नहीं होने पर विलंबित भुगतान पर अतिरिक्त राशि मजदूरों को दी जाएगी। पांडे ने कहा कि मनरेगा में पहले फर्जी मस्टररोल, मशीनों के उपयोग और धांधली की शिकायतें मिलती थीं, जिन्हें नया अधिनियम समाप्त करेगा। इस अधिनियम से कृषि, पशुपालन, मछलीपालन और कौशल विकास की गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। इस दौरान पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, श्रीनिवास मुदलियार, गोपाल पवार, सतेंद्र ठाकुर व अन्य मौजूद थे।


