जवाहर नगर के सेक्टर-5 पुलिया नंबर दो स्थित वीर हनुमान स्वीट्स पर सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते दुकान और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जिससे लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों और पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर दुकान को अस्थायी रूप से खाली कराया गया और आसपास के इलाके को सुरक्षित किया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जवाहर नगर थाना प्रभारी महेशचंद्र गुर्जर ने बताया कि आग वीर हनुमान स्वीट्स के पीछे चल रहे कारखाने में उपयोग किए जा रहे गैस सिलेंडर में लगी थी। उस समय कारखाने में 8 से 10 कॉमर्शियल सिलेंडर भी रखे हुए थे। ऐसे में मौके पर पहुंचकर सबसे पहले भरे हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया और आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने दुकानदारों और व्यापारियों से गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


