भास्कर न्यूज | जांजगीर शहर में वृद्धाश्रम के लिए निर्धारित एकड़ भर जमीन पर कुछ लोगों द्वारा बेजा कब्जा करने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की और कब्जाधारियों द्वारा बनाए गए कच्चे-पक्के घर तथा बाउंड्री वॉल तोड़वा दिए। वृद्धाश्रम के लिए प्रस्तावित यह जमीन सरकारी अलॉटमेंट प्रक्रिया में थी, पर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर निर्माण शुरू कर दिया था। उन्होंने प्रशासन की चेतावनी और स्टे आदेश न होने के बावजूद निर्माण जारी रखा। सूत्रों के अनुसार कब्जाधारियों ने जमीन पर घर और बाउंड्री वॉल बना लिए थे। जानकारी मिलते ही प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया और जमीन को वृद्धाश्रम निर्माण के लिए सुरक्षित कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग एक एकड़ क्षेत्रफल वाली यह जमीन वृद्धाश्रम के लिए आरक्षित थी, पर कब्जाधारियों ने इसे इक्रोज कर कब्जा कर लिया था। प्रशासन ने मामले की निगरानी करते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। बताया गया कि यह मामला तहसील कार्यालय में लंबित था, जिस पर तहसीलदार आरके मरावी ने स्टे लगाया था। इसके बावजूद जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कर लिया गया। शिकायत मिलने पर तहसीलदार ने टीम भेजी, जांच में शिकायत सही मिली और तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाया गया।


