भास्कर न्यूज | लुधियाना दरेसी स्थित प्राचीन वेद मंदिर में भारत धर्म प्रचारक मंडल की ओर से आगामी 8 से 15 मार्च तक 68वें विशाल धर्म सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। वेदाचार्य स्वामी निगम बोध तीर्थ महाराज की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई, जिसमें सेवादारों द्वारा सम्मेलन की प्रचार सामग्री को विधिवत रूप से जारी किया गया। जगदीश शर्मा व बिट्टू प्रभाकर ने बताया कि इस आठ दिवसीय महासम्मेलन में भारत के विभिन्न कोनों से उच्च कोटि के संत और विद्वान पधार रहे हैं जो अपनी ओजस्वी वाणी और दिव्य प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को अध्यात्म और सुखी जीवन का मार्ग दिखाएंगे। सम्मेलन प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होगा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक। 15 मार्च को समापन समारोह के दिन कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। सम्मेलन की सफलता के लिए मुख्य यजमान रवि दत्त द्वारा यज्ञ की आधारशिला रखी गई है। प्रचार सामग्री जारी करने के अवसर पर रवि दत्त, अशोक शर्मा बॉबी, लाल चंद खुराना, विनोद सहगल, राकेश भास्कर, नरेश गोगना, ललित धवन, शाम सुंदर, प्रकाश पांडे और नरेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।


