वेस्ट बंगाल से कोचिंग स्टूडेंट के परिजन पहुंचे कोटा:पिता बोले मां-बेटे लैपटॉप लेने गए थे बिल्डिंग के पास से निकलते समय गिरी,सरकार से मदद और जांच की मांग

कोटा में कल रात आए कोचिंग छात्र के परिजन आज हुआ पोस्टमार्टम। शनिवार रात हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे ने एक होनहार छात्र की जिंदगी छीन ली। वेस्ट बंगाल के रहने वाले 20 वर्षीय अनारन्य कर्माकर, जो कोटा में रहकर आईआईटी की कोचिंग कर रहा था, इस हादसे में मलबे में दबकर जान गंवा बैठा। हादसे में उसकी मां सुदीप्ता कर्माकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक छात्र के पिता अभिजीत कर्माकर और बहन रविवार रात कोटा पहुंचे। सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में जवाहर नगर थाना पुलिस और लाडपुरा तहसील के पटवारी द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अनारन्य का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने परिजनों से शिकायत भी दर्ज की है। मृतक के पिता अभिजीत कर्माकर ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी पत्नी और बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। अनारन्य का लैपटॉप खराब था, जिसे दिखाने के लिए वह दुकान गया था। दुकानदार ने आधे घंटे बाद बुलाने को कहा, जिसके बाद मां-बेटा वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे जिस बिल्डिंग के पास से गुजर रहे थे, अचानक वह इमारत ढह गई। उन्होंने बताया कि रात 9 बजे से लगातार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। करीब सवा दस बजे अस्पताल से फोन आया, तब पता चला कि उनकी पत्नी घायल अवस्था में भर्ती है। कुछ देर बाद हॉस्टल से सूचना मिली कि अनारन्य की मलबे में दबने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वे वेस्ट बंगाल से कोटा रवाना हुए और मुंबई में रह रही बेटी को भी बुलाया। परिजनों से मांगे इलाज के रुपए उन्होंने बताया कि कोटा में जब आए तो यहां पर निजी अस्पताल में इलाज का बिल मांगा गया तो मेरे द्वारा चेक दिया तो उन लोगों ने चेक लेने से मना कर दिया और यूपीआई के द्वारा ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। अनारन्य की बहन आद्रिका कर्माकर ने बताया कि वह पिछले दो सालों से कोटा में आईआईटी की तैयारी कर रहा था और पढ़ाई में काफी अच्छा था। माता-पिता समय-समय पर कोटा आकर उसे भावनात्मक रूप से सपोर्ट करते थे। उन्होंने कहा कि इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। मां के शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हैं और हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जर्जर इमारतों और निर्माण की जांच हो, दोषियों को सख्त सजा मिले और परिवार को पूरा सहयोग दिया जाए। इस हादसे में कुल दो लोगों की मौत हुई थी। अनारन्य कर्माकर के अलावा केशवपुरा निवासी लक्ष्मण गुजराती की भी मलबे में दबकर जान चली गई थी, जिनका पोस्टमार्टम पहले ही हो चुका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जवाहर नगर थाना के एएसआई जवाहरलाल ने बताया कि शनिवार रात बिल्डिंग हादसे में पश्चिम बंगाल के रहने वाले कोचिंग स्टूडेंट की मौत हो गई थी कल रात परिजन कोटा पहुंचे आज उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *