भरतपुर| केंद्र सरकार ने 6वें राउंड के एफएमडी वैक्सीनेशन डेटा अपलोड की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह समय सीमा 15 फरवरी तय थी, जिसे अब बढ़ाकर 25 फरवरी कर दिया गया है। इससे जिलों में लंबित पड़ी ऑनलाइन एंट्री पूरी करने में टीकाकर्मियों को राहत मिलेगी। संयुक्त निदेशक और जिला नोडल अधिकारियों ने अवगत कराया था कि एप के अपडेशन और शटडाउन रहने के कारण टीकाकर्मी समय पर ऑनलाइन डेटा एंट्री नहीं कर पा रहे थे। शासन सचिव स्तर से केंद्र को अतिरिक्त समय देने का अनुरोध भेजा गया। पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीना ने सभी जिला संयुक्त निदेशक और जिला नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे व्यक्तिगत निगरानी में शेष बची एंट्री 25 फरवरी तक हर हाल में पूरी करवाना सुनिश्चित करें।


