राजसमंद के रेलमगरा उपखंड के सिंदेसर खुर्द गांव में तुलसी विवाह और एकादशी उद्यापन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के तहत 21 कुंडीय हवन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 96 जोड़ों ने आहुतियां अर्पित कर तुलसी विवाह के साक्षी बने। मांगलिक अवसर पर गाजे-बाजे के साथ बारात गांव के बाजार में भ्रमण करते हुए विवाह स्थल पहुंची, जहां ग्रामीणों ने बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद शालिग्राम भगवान का तुलसी माता से विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। आचार्य पंडित किशन लाल व्यास के सान्निध्य में उप-आचार्य पंडित रमेश चंद्र व्यास, संतोष कुमार व्यास एवं कुंडाचार्य प्रकाश कुमार व्यास सहित पंडित सुरेश चंद्र शर्मा, परशराम शर्मा और हरिशंकर शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं हवन संपन्न कराया। आचार्यों ने तुलसी-शालीग्राम विवाह की कथा सुनाई। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। समापन पर महाप्रसादी का आयोजन किया गया।


