वैलेंटाइन-डे पर गर्लफ्रेंड को छेड़ा तो चाकू मारकर हत्या:खंडवा हाईवे किनारे बैठा था कपल; 3 दोस्त कर रहे थे बदसलूकी, युवती का बॉयफ्रेंड भी घायल

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में शनिवार रात चाकूबाजी में एक युवक की हत्या हो गई। बताया जा रहा है कि वैलेंटाइन डे मना रहे कपल से भावेश अपने 2 दोस्त मयंक और सचिन के साथ छेड़छाड़ कर रहा था, तभी युवती के दोस्त ने रोका। इतने में युवकों ने चाकू निकालकर अटैक कर दिया। इसी दौरान बीच-बचाव और झूमाझटकी में छेड़छाड़ कर रहे भावेश पाल (19) के सीने में चाकू लग गया, जिससे भावेश की मौत हो गई। वहीं भावेश के दोस्त मयंक को भी चोट आई है। मयंक ने बताया कि युवती के दोस्त हर्ष ने भावेश को चाकू मारा है, जिससे उसकी जान चली गई। हाईवे किनारे बैठे थे युवक-युवती वहीं वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने देर रात मौके का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक वारदात शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर रूधि गांव में कृष्णा ढाबा के सामने हुई। टपरी के पास युवक-युवती बैठे हुए थे। वहीं पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि कृष्णा ढ़ाबे के सामने मेन हाईवे किनारे एक ईंट-भट्टा है। जहां एक टपरी बनी है। हाईवे किनारे अपने दोस्त हर्ष थापा के साथ बैठी थी। हमें देखकर मयंक, भावेश और सचिन आए। इस दौरान तीनों लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जब मेरे दोस्त हर्ष थापा ने बचाने की कोशिश की, तो उन्होंने हर्ष से गाली-गलौज की। उन्होंने हर्ष को पीटा और उसके सिर पर ईंट मार दी। युवकों ने चाकू मारा, दोस्त को चोट लगी युवती ने बताया कि विवाद के बीच एक युवक ने अचानक चाकू निकाल लिया। झूमा-झटकी के बीच हर्ष के हाथ में चाकू से हमला कर दिया, जिससे हर्ष को गंभीर चोट लगी है। इसी बीच दो युवक भी घायल हो गए। वहीं मृतक भावेश के दोस्त मयंक ने बताया कि युवती के दोस्त हर्ष ने भावेश के सीने पर चाकू मारा है। वह खून से सन गया था। ज्यादा खून बहने से तड़प रहा था। इलाज के दौरान दोस्त ने दम तोड़ दिया। हर्ष ने मुझ पर भी अटैक किया। कमर में चोट लगी है।
आरोपी बोला- वह गर्लफ्रेंड नहीं, मेरी पत्नी है
दैनिक भास्कर से बातचीत में आरोपी हर्ष थापा ने बताया कि उसके साथ जो महिला थी, वह उसकी पत्नी है। हमारी शादी 14 जुलाई, 2025 को हुई थी। उसने अपने पहले पति को तलाक दे दिया है। कल मेरा जन्मदिन था। हम ढाबे के सामने एक दोस्त के ईंट भट्टे की दुकान पर बैठे थे। इस दौरान तीन लड़के हमारे पास आए और बहस के बाद मुझे चाकू मारने लगे। मैंने चाकू पकड़ लिया। फिर वह भावेश नाम के एक लड़के को लगा, जिसकी मौत हो गई। हालांकि महिला ने हर्ष को अपना दोस्त बताया है। उसने अपने पति और पते के बारे में अलग-अलग जानकारी दी है। दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज
कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य ने बताया किवारदात शनिवार शाम 6 बजे की है। रविवार सुबह 4 बजे दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। युवती की शिकायत पर मृतक सहित उसके 2 दोस्तों पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही युवती के दोस्त हर्ष थापा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल केस की जांच चल रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंपा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *