भास्कर न्यूज | अमृतसर इलेक्शन कमीशन ने वोटरों की सुविधा के लिए वोटर सर्विस पोर्टल पर नया मॉड्यूल ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ शुरू किया है। इस सुविधा के माध्यम से लोग वोटर सूची से संबंधित अपने मुद्दों का समाधान सीधे बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से प्राप्त कर सकेंगे। जब कोई नागरिक वोटर सर्विस पोर्टल पर ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ विकल्प के जरिए कॉल बुक करेगा तो बीएलओ और संबंधित आवेदक दोनों को एक टेक्स्ट संदेश प्राप्त होगा। इसके बाद बीएलओ आवेदक को फोन कर उसकी समस्या का समाधान करेगा। जिला चुनाव अधिकारी कम डीसी दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि बातचीत के बाद बीएलओ ऐप में कॉल रिक्वेस्ट विकल्प पर जाकर ‘कॉन्टैक्टेड’ बटन दबाकर स्टेट्स अपडेट करेगा। यदि आवेदक कॉल रिसीव नहीं करता है तो ‘अनअवेलेबल’ विकल्प चुना जाएगा। बीएलओ द्वारा प्रतिक्रिया दर्ज करते ही ईसीआई नेट पर रिपोर्ट अपडेट हो जाएगी और सूचना आवेदक को भी संदेश के माध्यम से मिल जाएगी। जिला चुनाव अधिकारी ने जिला वासियों से अपील की है कि इस नई ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाएं, ताकि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों का निपटारा पारदर्शी और त्वरित तरीके से हो सके। साथ ही उन्होंने नागरिकों से चुनाव आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को फॉलो करने की भी अपील की, जिससे उन्हें आयोग की ताजा हिदायतों और गतिविधियों की नियमित जानकारी मिलती रहे।


