व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की दी गई सलाह

भास्कर न्यूज | जांजगीर सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जांजगीर-चांपा पुलिस डिजिटल सुरक्षा, साइबर जागरूकता और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम कर रही है। यह कार्यक्रम एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हो रहे हैं। उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग करना है। सुरक्षित इंटरनेट दिवस का मुख्य उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित, सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना है, खासकर बच्चों, युवाओं और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के बीच। पुलिस साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, डेटा गोपनीयता और डिजिटल सतर्कता से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें बता रही है। कार्यक्रमों में साइबर अपराधों के अलग-अलग रूपों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक न्यूज, पहचान की चोरी और वित्तीय धोखाधड़ी की जानकारी दी गई। एसपी कार्यालय में हुए कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट शिक्षा, व्यापार और संचार के अवसर देता है, पर इसका गलत उपयोग आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में सतर्कता और डिजिटल साक्षरता जरूरी है। साथ ही साइबर हाइजीन और साइबर सिक्योरिटी के बेहतर तरीकों को अपनाने, प्रमुख साइबर खतरों को पहचानने और उनके निवारण के उपाय समझने पर जोर दिया गया। जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक मंचों पर साझा न करने, अनजान लिंक और संदिग्ध संदेशों से दूर रहने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित प्राधिकरण या साइबर हेल्पलाइन को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। बच्चों और उनके अभिभावकों को ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया और इंटरनेट उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में व्यवहारिक सुझाव दिए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *