डीग जिले के कामां थाना इलाके में कुछ बदमाशों ने एक व्यक्ति को किडनैप करने की कोशिश की, व्यक्ति अपनी पत्नी को साथ लेकर जयपुर जा रहा था। इस दौरान बदमाशों ने व्यक्ति की कार को टक्कर मारी और उसे किडनैप करने की कोशिश करने लगे। व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने 1 बदमाश और उनकी गाड़ी को मौके पर ही पकड़ लिया। हमीद निवासी ढाणा थाना कामां ने FIR दर्ज करवाते हुए बताया है की 1 जनवरी की शाम करीब 7 बजे अपनी पत्नी जमशीदा को दवा दिलाने के लिए जयपुर जा रहा था। जैसे ही मैं कनवाड़ा से आगे बिजली घर के पास आया। तभी मेरे सामने से एक बोलेरो गाड़ी आई उसने मेरी कार को टक्कर मार दी। बोलेरो में से दीनू और लियाकत नाम के लोग हाथों में हथियार लेकर उतरे। उन्होंने मुझे और मेरी पत्नी को हमारी कार से बाहर खींच लिया। इतने में दीनू और लियाकत के और भी कई साथी मौके पर आ गए। उन्होंने मुझे मेरी कार में पटक दिया। वह मेरा अपहरण करके ले जाने लगे। मेरे चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। आते ही स्थानीय लोगों ने बोलेरो गाड़ी को घेर लिया। स्थानीय लोगों ने मुझे और मेरी पत्नी को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। इतने में बाकी सभी बदमाश मेरे से दो मोबाइल, 20 हजार रुपये और मेरी कार लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बदमाशों की कार को वहीं घेर लिया और एक आरोपी को भी पकड़ लिया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।


