गरियाबंद| बैडमिंटन खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के लिए गरियाबंद बैडमिंटन क्लब के तत्वावधान में शटल उत्सव अंतर्गत पुरुष डबल्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 10 और 11 जनवरी 2026 को किया जा रहा है। प्रतियोगिता शहर के इंडोर स्टेडियम, गरियाबंद में होगी। जहां दो दिनों तक लगातार मुकाबले खेले जाएंगे और दर्शकों को रोमांचक खेल देखने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के साथ ही आंध्र प्रदेश और ओडिशा की टीमें हिस्सा लेंगी। दोनों ही दिन सुबह 10 बजे से मैच प्रारंभ होंगे, जिसमें विभिन्न राज्यों के अनुभवी और उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट नॉकआउट आधार पर खेला जाएगा और सभी मुकाबले मानक बैडमिंटन नियमों के अनुसार आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में योनेक्स मेवीस 350 शटल का उपयोग किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए प्रति टीम 600 रुपए प्रवेश शुल्क रखा गया है। विजेता टीम को 15 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी, उपविजेता को 10 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 5 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर भोजन और आवास की व्यवस्था भी की गई है।


