खरसीदाग ओपी क्षेत्र के डहुटोली स्थित एक जमीन के विवाद में रिटायर्ड सेना जवान जितवा उरांव की हत्या की योजना बनाने वाले सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोिपयों में रतन उरांव, अमर मुंडा उर्फ कांडे मुंडा, गोवर्धन महतो, मधवा महतो, मुन्ना उरांव और बिंदेश्वर सिंह शामिल हैं। खरसीदाग आेपी प्रभारी भवेश कुमार ने बताया कि रिटायर्ड सेना जवान का अपने गांव के ही रतन उरांव से 2.50 एकड़ जमीन का विवाद है। पिछले 6 वर्ष से यह जमीन रिटायर्ड सेना जवान के कब्जे में है, जबकि रतन उस पर कब्जा करना चाहता है। 23 दिसंबर को रतन अपने अन्य सहयोगियों के साथ रिटायर्ड सेना जवान के घर पहुंचा आैर 20 लाख रुपए रंगदारी मांगी। पैसा नहीं देने पर जमीन रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया। इसके बाद रिटायर्ड सेना जवान ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। हालांकि तब तक रतन ने अपने साथी मुन्ना के साथ मिलकर रिटायर्ड सेना जवान की हत्या का प्लान तैयार कर लिया। तुपुदाना के शतरंजी बाजार में रिटायर्ड सेना जवान की हत्या का प्लान बनाया गया। इसके लिए खूंटी के शूटर गोवर्धन आैर मधवा को तीन लाख की सुपारी दी। एडवांस के तौर पर 50 हजार रुपए उसे दिए गए। हालांकि घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों शूटर ने भी सुपारी लिए जाने की बात स्वीकार की है। 25 दिसंबर को भी हत्या करने पहुंचा था शूटर पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया है कि रिटायर्ड सेना जवान की 25 दिसंबर को ही हत्या होनी थी। रेकी की जा रही थी, ताकि निर्धारित जगह पर पहुंचते ही गोली मारी जा सके। हत्या करने के लिए शूटर अपने ठिकाने से शतरंजी बाजार के लिए निकल भी गए थे। हालांकि रास्ते में एक जगह बैठकर सभी ने शराब पी ली। अत्यधिक नशा हो जाने की वजह से सभी वापस लौट गए। इसके बाद दोबारा हत्या का समय निर्धारित तय करना था, लेकिन इससे पहले ही सभी पकड़े गए। 6 दिन पहले रतन ने मांगी थी 20 लाख की रंगदारी 23 दिसंबर की रात ही रतन अपने चार अन्य सहयोगियों के साथ रिटायर्ड सेना जवान के घर पहुंच कर धमकी दी थी। इस दौरान रतन का एक सहयोगी पीड़ित की कनपट्टी में पिस्टल सटाकर 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। पैसा नहीं देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की बात कही थी। इसके अलावा जमीन की रजिस्ट्री करने के लिए भी दबाव बनाया था। पीड़ित ने रतन से दो दिनों का समय मांगा था, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया। 10 दिन पहले जेल से छूटा था, ब्राउन शुगर बेचते पकड़ाया रांची | सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के लाहकोठी स्थित अमरूद बागान से पुलिस ने शनिवार को एक ब्राउन शुगर तस्कर को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर भी बरामद की गई है। आरोपी की पहचान चूड़ी सेंटर गली निवासी लालू यादव के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में लालू ने बताया कि वह लगभग 10 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था, दोबारा ब्राउन शुगर की तस्करी करने लगा। तस्करी के दौरान विवाद के बाद मारपीट की आशंका को ध्यान में रखते हुए खुद की सुरक्षा के लिए पिस्टल रखता था। फिलहाल थाने में आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।


