गढ़वा | शहर के पुरानी बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास स्थित शनि मंदिर में शनिवार को सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। अहले सुबह से भक्त पीपल के वृक्ष पर जल चढ़ाने के लिए पहुंचने लगे। इसके बाद मंदिर में शनिदेव की विशेष आरती की गई। आरती के उपरांत भक्तों को प्रसाद के रूप में खिचड़ी का भोग लगाया गया, जिसे बाद में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। पूरे दिन मंदिर में श्रद्धालु शनिदेव पर तेल चढ़ाने और दीप जलाने के लिए आते रहे। देर शाम अंतिम आरती के बाद प्रसाद वितरण कर मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। शनिदेव की इस विशेष पूजा-अर्चना में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।


