नगर परिषद धौलपुर द्वारा आयोजित शरद महोत्सव 2024 के अंतर्गत कार्यक्रमों की श्रृंखला में मेला रंग मंच पर राजस्थानी कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकार रोशन मस्ताना ने गायन कला के जरिए अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का प्रारंभ नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। आयुक्त ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हम सीमित संसाधनों के बीच शहर को साफ, सुंदर और स्वच्छ रख सकें। इसके लिए हम प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि शरद महोत्सव धौलपुर की पहचान है जो बनी रहेगी। कार्यक्रम में श्री राधे ब्रज लोक कला समिति बहज डीग के कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। जिसे देखकर दर्शक झूमते नजर आए। वहीं, स्थानीय कलाकार रोशन मस्ताना के गीतों पर भी लोग झूमते हुए देखे गए। कार्यक्रम में ब्रज लोक नृत्य, ब्रज वंदना, मयूर नृत्य, महारास नृत्य, लोक नृत्य, फूलों की होली, राजस्थानी चरी नृत्य, घूमर नृत्य, राजस्थानी नृत्य आपा चक्री, रंगीलो म्हारो ढोलना, ब्रज का दीपक नृत्य, राजस्थानी कालबेलिया, आदि की सुंदर प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर संतोष राजपूत पूजा नरसल, नीरज शर्मा, गौतम सिंह, सौरभ गुर्जर मुख्य रूप से उपस्थित थे। मंच का संचालन रंजीत दिवाकर एडवोकेट द्वारा किया गया।


