शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला को अपने पति से घर खर्च और इलाज के लिए पैसे मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसी दौरान चाय बनाते समय गर्म पानी गिरने से महिला झुलस गई। घायल महिला को उपचार के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार मामला भरतपुर शहर के किला क्षेत्र का है। महिला किरन की शादी करीब छह साल पहले बिहार के छतरपुर से भरतपुर शहर निवासी उमेश से हुई थी। उमेश मजदूरी करता है, लेकिन रोजाना शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। दंपती के तीन बच्चे हैं, जबकि महिला पांच माह की गर्भवती है। एक बेटी को उसने अपने मायके में छोड़ा हुआ है। पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति से घर के खर्च और इलाज के लिए पैसे मांग रही थी, लेकिन उसने पैसे देने से इनकार कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान वह रसोई में चाय बना रही थी, तभी गर्म पानी उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। महिला का कहना है कि घटना देर रात की है। अगले दिन जब वह शिकायत लेकर मथुरा गेट थाने पहुंची तो पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कहकर मामला दर्ज करने में देरी की। महिला ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि उसके ऊपर तेजाब डालने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। फिलहाल घायल महिला का उपचार आरबीएम अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


