झारखंड के लातेहार जिले में अपराधियों ने एक बार फिर शराब दुकान को निशाना बनाया। मनिका थाना क्षेत्र के एसबीआई रोड स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में गुरुवार को तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे। दुकान के अंदर घुसे और एक कर्मी को पिस्टल सटा एक लाख रुपए की नकदी के साथ 10 बोतल शराब लूट ली। इसके बाद बाइक से तीनों भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही थानेदार शशि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। दुकान के कर्मचारी चेतन कुमार और विक्रम ने बताया कि रोजाना की तरह दुकान खुली थी। अचानक तीनों बदमाश अंदर घुस आए और लूटपाट करने लगे। थाना प्रभारी शशि कुमार ने कहा अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।


