शराब पिलाने के विवाद में युवक की हत्या:वारदात के बाद आरोपी ने छिपाया खून से सना हथियार, 8 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, टंगिया बरामद

बलौदाबाजार जिले के भाटापारा शहर स्थित मेहता नगर बस्ती में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था। पुलिस ने इस हत्या के आरोपी को महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह शराब पिलाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। मृतक की पहचान सोनू गायकवाड़ (ग्राम पेंडरी-भटभेरा, थाना सुहेला निवासी) के रूप में हुई है। वह लगभग छह माह पहले मेहता नगर आकर मजदूरी कर रहा था। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने बस्ती के पास उसका शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। भाटापारा शहर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल पर मृतक के गर्दन और सिर पर गंभीर चोटें मिली, जो किसी भारी धारदार हथियार से की गई प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने इस हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी ने मुखबिरों और मृतक के परिचितों और मोहल्लेवासियों से पूछताछ की। जांच के दौरान, मेहता नगर निवासी 20 वर्षीय लक्की भारद्वाज पर संदेह हुआ और उसे हिरासत में ले लिया गया। शराब पिलाने को लेकर विवाद के बाद किया हमला पूछताछ में आरोपी लक्की भारद्वाज ने बताया कि घटना वाले दिन शराब पिलाने को लेकर उसका सोनू से विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने लोहे की टंगिया (कुल्हाड़ी) से सोनू के गले और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी खून से सने हथियार को लेकर फरार हो गया और उसे टेउराम कॉलोनी के पीछे झाड़ी में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी लक्की भारद्वाज को मंगलवार, 11 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *