भास्कर न्यूज | बालोद गुरुवार रात झलमला चौक में नशे में बस चला रहे ड्राइवर के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई कर बारातियों से भरी बस को जब्त किया। बस में 20 से अधिक बाराती सवार थे। जो मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के भटगांव से अभनपुर क्षेत्र के भाटापारा बेलर लौट रहे थे। झलमला चौक में यातायात पुलिस के चेक पोस्ट पर जवानों को बस चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। बस को रोककर जांच की गई तो चालक शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल बस को जब्त कर बालोद कोतवाली थाने लाया। इस दौरान बारातियों ने बस को छोड़ने मिन्नतें किया लेकिन पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छोड़ने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे बाद बस मालिक ने दूसरे ड्राइवर के साथ दूसरी गाड़ी भेजी। जिसमें सवार होकर बाराती सुरक्षित अपने घर लौटे। जानकारी अनुसार मोहला-मानपुर क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होकर बाराती लौट रहे थे तभी कार्रवाई हुई। जिला यातायात प्रभारी टीआई रविशंकर पांडेय ने बताया कि एसपी योगेश पटेल के निर्देश पर जिले के विभिन्न मुख्य मार्गों पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गुरुवार रात की कार्रवाई में बारातियों से भरी एक बस सहित 4 ट्रक चालकों को भी शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया।


