सूरजपुर जिले के रामपुर में युवक ने विधवा महिला से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। महिला ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो युवक ने कुल्हाड़ी से कई बार वार कर महिला की हत्या कर दी। महिला को टांगी मारते हुए उसके सौतेले बेटे ने देख लिया। शोर मचाया तो युवक भाग निकला। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला ओड़गी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रामपुर निवासी महिला कौशल्या खैरवार अपने पति रिचक खैरवार की मौत के बाद अलग घर में रहती थी। उसके सौतेले बेटे परिवार समेत अलग रहते हैं। शनिवार सुबह कौशल्या घर में थी। गांव का ही युवक कुंवर सिंह (30) कौशल्या के पास पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। कौशल्या ने युवक को पैसे देने से इनकार कर दिया। हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी कुंवर सिंह ने टांगी से कौशल्या खैरवार पर हमला कर दिया। कौशल्या ने शोर मचाया। शोर सुनकर उसका सौतेला बेटा रामभरोस खैरवार भागते हुए वहां पहुंचा। रामभरोस के पहुंचने के पूर्व कुंवर सिंह ने कई बार टांगी से वार कर दिया। जिससे कौशल्या खैरवार जमीन पर गिर गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद कुवंर सिंह भाग निकला। रामभरोस ने इसकी सूचना ओड़गी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ओड़गी टीआई फर्दीनंद कुजुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से घेराबंदी कर आरोपी कुंवर सिंह को पकड़ लिया। मामले में ओड़गी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर उसने कौशल्या खैरवार पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


