निजी हॉस्पिटल से घर जा रहे डॉक्टर को रोककर 3 युवकों ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। डॉक्टर ने पैसा नहीं दिया तो उन्होंने डॉक्टर से विवाद करते हुए ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। जब डॉक्टर रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचे तो युवकों ने उनका पीछा करते हुए कार में तोड़फोड़ की। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के केडी हॉस्पिटल में पदस्थ डॉ. परमेंद्र सिंह सोमवार की रात ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी कार में सवार होकर बौरीपारा शिकारी रोड स्थित घर जा रहे थे। जैसे ही गाड़ाघाट चौराहा के पास पहुंचे KTM बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने अपनी गाड़ी लगाकर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। पैसे देने से मना करने पर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। ईंट से जानलेवा हमला, 8 टांके लगे युवकों ने विवाद करते हुए ईंट से डॉक्टर परमेंद्र सिंह के सिर पर वार कर दिया। इससे डॉ. परमेंद्र सिंह का सिर फट गया और खून निकलने लगा। वे मौके से कार वापस मोड़कर शिकायत करने कोतवाली थाने पहुंचे। उनका पीछा करते हुए युवकों ने कोतवाली थाने के सामने कार में तोड़फोड़ की। मामले की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले अशोक सोनी, अविनाश सोनपाकर और संजय ठाकुर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। रात को डॉक्टर परमेंद्र सिंह का इलाज किया गया। उनके सिर पर 8 टांके लगे हैं। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।


