भास्कर न्यूज| महासमुंद जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खल्लारी पुलिस ने दो व्यक्तियों को अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से शराब बनाने के बर्तन और सामग्री भी जब्त की है। खल्लारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बीकेबाहरा के डामर प्लांट के पास कुछ लोग अवैध शराब की खेप तैयार कर ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मौके पर दबिश दी। वहां बरगद के पेड़ के नीचे पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर अर्जुन गोंड़ (निवासी बीकेबाहरा) और उत्तम नेताम (निवासी आवराडबरी) को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से कुल 11 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के बर्तन जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मौके पर मिले महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) को पुलिस ने नष्ट कर दिया। जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान में अब तक कुल 185 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस ने अब तक लगभग 3,290 लीटर शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 32 हजार रुपये से अधिक है। इस दौरान 185 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


