भास्कर न्यूज|कोडरमा आरपीएफ की टीम ने शनिवार को पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक यात्री को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। यात्री के पास से आरपीएफ ने 2.387 किलोग्राम अफीम बरामद किया है। पकड़े गए यात्री की पहचान अशेश्वर राम, उम्र 33 वर्ष, निवासी असदिया, थाना चतरा, जिला चतरा (झारखंड) के रुप में की गई है। युवक अफीम को चतरा से दिल्ली ले जा रहा था। आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि उनके निर्देश पर उप निरीक्षक सुशील कुमार, प्रधान आरक्षी अरुण कुमार राम, आरक्षी दिलीप कुमार सिंह और भोला कुमार प्रसाद के साथ कोडरमा से गाड़ी संख्या 12801 अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में चेकिंग की जा रही थी। कोडरमा और गझंडी स्टेशन के बीच जनरल कोच संख्या ECoR 245812 में एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिला। जैकेट पहने उस व्यक्ति से पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछने पर उसने खुद जैकेट उतारी। उसके शरीर से टेप में लिपटा संदिग्ध पदार्थ मिला। मादक पदार्थ होने की आशंका पर उसे अगले स्टेशन पहाड़पुर पर उतारा गया। फिर गाड़ी संख्या 12802 डाउन से कोडरमा पोस्ट लाया गया। मौके पर दंडाधिकारी नहीं होने के कारण अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजा गया। इसके बाद कार्यपालक दंडाधिकारी मनोज कुमार रवि को नियुक्त किया गया। शाम 5:20 बजे दंडाधिकारी की उपस्थिति में पार्सल क्लर्क राजेश चौधरी को बुलाया गया। बरामद पदार्थ को दो प्लास्टिक की थैलियों में तौला गया। पहली थैली में 1.142 किलोग्राम और दूसरी में 1.245 किलोग्राम अफीम मिली। कुल वजन 2.387 किलोग्राम रहा। दोनों थैलियों को जब्त किया गया। गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची बनाई गई।