शर्मनाक:ओपेरा के नाम पर अश्लील डांस, नोट उड़ाने वाले SDM हटाए गए; मस्ती करने वाले तीन जवान लाइन अटैच

गरियाबंद जिले में मैनपुर ब्लॉक के उरमाल गांव में ओपेरा कार्यक्रम हुआ। सालों से फिल्मी गानों और हास्य नाटकों की प्रस्तुति के लिए पहचाना जाने वाला यह कार्यक्रम इस बार विवादों में घिर गया है। वजह ये कि इस बार ओडिशा से आई बालाओं ने पहली बार अर्धनग्न होकर नाच-गाना किया। इलाके के एसडीएम तुलसीराम मरकाम ने भी इस अश्लीलता पर जमकर पैसे उड़ाए। पुलिस जवान तो दो कदम आगे निकले, सरेआम बालाओं को चुंबन देने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कलेक्टर ने एसडीएम को उनके पद से हटा दिया है। वीडियो में नजर आ रहे 3 जवान भी लाइन अटैच कर दिए गए हैं। दरअसल, मैनपुर इलाके में हर साल दिसंबर से जनवरी के बीच ओपेरा शो का आयोजन किया जाता है। इस बार 5 से 10 जनवरी तक इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें काल्पनिक घटनाओं पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाता है। इसी ड्रामे के दौरान कलाकार फिल्मी गीतों पर भी प्रस्तुति दे दिया करते थे। बाद में आयोजकों ने ज्यादा कमाई के लिए इस कार्यक्रम में कलकत्ता और ओडिशा के कलाकारों को भी शामिल करना शुरू किया। स्थानीय कलाकारों की जगह धीरे-धीरे वे आयोजन का प्रमुख हिस्सा बन गए। इस परिपाटी के टूटने का ही नतीजा रहा कि 9 जनवरी को पहली बार इस आयोजन में नाच-गाने के नाम पर अश्लीलता परोसी गई। आयोजन का हल्ला चूंकि पहले ही हो चुका था, इसलिए 500 की बैठक क्षमता वाले ग्राउंड में डेढ़ हजार यानी तिगुने से भी ज्यादा भीड़ उमड़ पड़ी। नाच-गाने के नाम पर रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक अश्लील नाच-गाना जारी रहा। तहसीलदार के साथ कई पुलिस जवान यहां न केवल तमाशबीन बने रहे, बल्कि खुद भी इस तमाशे का हिस्सा बन गए। रकम उगाही का बड़ा खेल, अफसर को भी चढ़ाया जाता भेंट
ओडिशा के कटक में अश्लील नाच-गान वालों की इसी तरह की मंडली होती है, जो रोजाना 80 हजार से लेकर 2 लाख तक भुगतान लेने के अनुबंध के आधार पर अपना टेंट लाइट और स्टेज लगाते हैं। ड्रामा कंपनी में शामिल लोगों को केवल रोजगार मिलता है। लेकिन इस ड्रामा की आड़ में अतिरिक्त 45 से 60 हजार प्रति नाइट का किराया देकर डांस गर्ल को बुलाया जाता है। ओडिशा की सनी लियोनी कही जाने वाली जिस डांसर पर एसडीएम तुलसीराम मरकाम का वीडियो वायरल हुआ है, उसे एक रात के 60 हजार रुपए देने की बात सामने आ रही है। लूट नाइट कार्यक्रमों की टिकिट 400 रुपए तक बिकी। कलेक्शन से पहले ही इस आयोजन को मौन सहमति देने वाले अफसरों को भी चढ़ावा चढ़ाने की चर्चा है। जांच के लिए कलेक्टर ने बनाई चार सदस्यीय समिति, केस भी दर्ज मामले की जांच के लिए ​गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके ने अपर कलेक्टर पंकज डाहरिया के नेतृत्व में 4 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। वहीं, मैनपुर तहसीलदार तुलसीराम मरकाम को उनके पद से हटाते हुए देवभोग तहसीलदार आरएस शोरी को उनके पद की अतिरिक्त जवाबदारी दे दी है। सस्पेंड एसडीएम मरकाम को शो-काज नोटिस भी जारी किया गया है। कलेक्टर उइके के मुताबिक, जांच कमेटी जो रिपोर्ट तैयार करेगी, उसे आगे शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए कमिश्नर को भेजा जाएगा। प्रधान आरक्षक डिलोचन रावटे समेत 3 जवानों जय कुमार कंसारी और शुभम चौहान को लाइन अटैच किया गया है। आयोजन समिति के देवानंद राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू, हसन डाडा के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, (3)(5) के तहत नामजद एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया है। किसी से भी अभिमत नहीं, सिर्फ एसडीएम की मंजूरी
गांवों में इस तरह का कार्यक्रम करवाने के लिए आमतौर पर आयोजकों को पुलिस और तहसील से 15 दिन पहले अभिमत लेना होता है। भास्कर ने जब इस बारे में संबंधित विभागों में पड़ताल की, तो पता चला कि दोनों ही विभागों की ओर से किसी तरह का कोई अभिमत नहीं लिया गया है। सिर्फ एसडीएम की मंजूरी ली गई है। आयोजन से महज 4 दिन पहले सीधे एसडीएम तुलसीराम से मंजूरी लेकर कार्यक्रम तय कर लिया गया। एसडीएम की ओर से जिन 22 बिंदुओं पर मंजूरी ली गई, उसमें कोई एक भी शर्त ऐसी नहीं रखी गई थी कि कार्यक्रम में किसी तरह की अश्लीलता नहीं परोसी जाएगी। जानिए, क्या कहते हैं जिम्मेदार… बंद कराने गया था: SDM
मामले में एडीएम तुलसीदास ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मैं कार्रवाई करने के लिए गया था। उस दिन हमने कार्रवाई भी की। आयोजन बंद कराया और नाचने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की। मंजूरी दोबारा नहीं: कलेक्टर
कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने कहा कि दोबारा ऐसी बोगस अनुमति न दी जा सके, इसलिए इन आयोजनों के लिए कलेक्टर को जानकारी देना अब अनिवार्य किया गया है। आयोजकों को इसके लिए शपथ पत्र देना होगा। कई लोग गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी है: एसपी
गरियाबंद के एसपी वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि आयोजन करने वालों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य की तलाश जारी है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी होगी।
मामले में एक हवलदार और 2 आरक्षक को लाइन अटैच किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *