देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को जियो साइंस म्यूजियम पर्यटकों को समर्पित किया। यहां 15 मिनट ठहरने के दौरान उपराष्ट्रपति ने म्यूजियम देखा। साथ ही केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने महाराज बाड़ा को बसाने और इमारतों की शैलियों की जानकारी दी। महाराज बाड़ा स्थिति विक्टोरिया मार्केट में बना जियो साइंस म्यूजियम देश का ही नहीं एशिया का पहला अत्याधुनिक म्यूजियम है। म्यूजियम 17 से शहरवासियेां के लिए खोल दिया जाएगा। यह सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुलेगा। सोमवार को बंद रहेगा। महिला-पुरुष के लिए टिकट 20 रु. का रहेगा। सोमवार को म्यूजियम बंद रहेगा। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, सीएम डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय कोयला व खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे आदि मौजूद रहे। जीवाजी यूनिवर्सिटी की स्थापना के करीब 60 साल बाद जीवाजी राव की आदमकद प्रतिमा का अनावरण उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि जीवाजी राव ने जो शिक्षा का सपना देखा था वह आज साकार हो रहा है। उन्होंने कुलगुरु से कहा कि छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक एक्सपोजर मिले। इसके लिए फॉरेन काउंसिल के साथ एमओयू करें। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को पार्लियामेंट देखने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मजाकिया लहजे में कहा कि न्योते में देरी नहीं चाहिए। उप-राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति के अंदर भाव आता है। शिक्षा से ही मानव का निर्माण होता है। परिवर्तनशील दुनिया है, बदलाव होते रहेंगे लेकिन शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं सीएम डॉ.मोहन यादव ने कहा कि आज ग्वालियर में 2 बड़े कार्यों का शुभारंभ हुआ है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि जेयू 250 एकड़ में स्थापित है, जिसे मेरी दादी मां और तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन द्वारा प्रारंभ किया गया था। इस दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार आदि मौजूद रहे। संगीत सम्राट तानसेन के शताब्दी समारोह का शुभारंभ रविवार की शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हजीरा स्थित परिसर में हुआ। विशिष्ट अतिथि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद थे। अध्यक्षता संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने की। सीएम ने कहा कि ग्वालियर संगीत व कला की अद्भुत नगरी है। मेरा सौभाग्य है कि यहां महान संगीतज्ञ तानसेन की याद में होने वाले संगीत समारोह में दो बार आने का मुझे मौका मिला। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि संगीत के क्षेत्र में ग्वालियर के लिए यह वर्ष अलौकिक वर्ष है। 1924 में सिंधिया राज्यकाल में शुरू हुए तानसेन समारोह का इस साल शताब्दी वर्ष है। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि तानसेन समारोह के विस्तार का उदाहरण पिछले साल का ताल दरबार और इस बार के वृहद शास्त्रीय बैंड की समवेत प्रस्तुति को माना जा सकता है। अतिथियों ने तानसेन समारोह से संबंधित 5 रुपए के डाक टिकट और तानसेन समारोह की 100 वर्षीय यात्रा पर आधारित केन्द्रित पुस्तक और स्मारिका का विमोचन किया। शोधार्थियों को मिलेगी मदद केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि इस म्यूजियम में पर्यटकों को जानकारी मिलेगी, जबकि छात्र को शोध में मदद मिलेगी।