भास्कर न्यूज| राजनांदगांव नगर निगम में शहर सरकार के मंत्री तय कर दिए गए हैं। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार देर शाम महापौर परिषद का गठन कर दिया। 10 एमआईएस मेंबर में तीन महिला पार्षदों को जगह दी गई है। एक ओर पहली बार चुनकर आए पार्षदों को एमआईसी में जगह दी गई है, वहीं संगठन को संतुष्ट करने का प्रयास भी किया गया है। इस सूची में पूर्व पार्षदों की पत्नियों को जगह दी गई है, जो इस बार चुनकर आए हैं। वहीं तीसरी बार जीतकर निगम में पार्षद बनीं मणि भास्कर गुप्ता को एमआईसी में जगह नहीं दी गई है। उन्हें किसी दूसरे पद में एडजस्ट किया जा सकता है। वहीं वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा को भी स्थान नहीं दिया गया है। हालांकि संगठन सूत्रों की मानें तो पहले ही उन्होंने एमआईसी में जगह नहीं लेने की बात कह दी थी। महापौर मधुसूदन यादव ने छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 37 की उपधारा (4) में वर्णित प्रावधान अनुसार मेयर-इन-काउंसिल (महापौर परिषद) का गठन कर विधिवत आदेश प्रसारित करने आयुक्त अतुल विश्वकर्मा को अग्रेषित कर दिया है। इस सूची में कई नए पार्षदों को अवसर दिया गया है। आने वाले समय में जल्द ही एमआईसी की बैठक होगी जिसमें कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। वहीं जिन पार्षदों को मौका नहीं दिया गया है, उन्हें कुछ और पद दिए जा सकते हैं, ऐसे संकेत दिए गए हैं, ताकि मिलजुलकर काम करने से शहर का विकास हो सके। एमआईसी गठन करने के बाद महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि सभी प्रभारी सदस्यों के साथ मिलकर शहर विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे। शहर विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। पेयजल से लेकर अन्य विकास के मुद्दों पर काम शुरू किया जाएगा। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा को पराजित करने वाले शैंकी बग्गा को एमआईसी में स्वास्थ्य विभाग की की जिम्मेदारी दी गई है। वे पहली बार चुनाव लड़े थे और सफल हुए। वहीं वार्ड 6 के पार्षद सुनील साहू लॉटरी में जीते थे, उन्हें भी एमआईसी में जगह दी गई है। सावन वर्मा पहली बार पार्षद बने हैं लेकिन संगठन में लंबे समय से जिम्मेदारी निभाते आए हैं, इस वजह से उन्हें मौका दिया गया है। जबकि राजा माखीजा सभापति की दौड़ में थे। उन्हें राजस्व विभाग सौंपा गया है।


