सवाई माधोपुर | शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और अपनी रचनात्मक उपलब्धियों के लिए शहर निवासी डॉ. श्रीकृष्ण शर्मा को डी.लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें काशी हिंदी विश्वविद्यालय वाराणसी के कुलपति डॉ. शंभाजी राजाराम बाबिस्कर तथा उप कुलपति डॉ.योगेश त्रेहन ने नई दिल्ली में आयोजित उपाधि वितरण कार्यक्रम में प्रदान किया। डॉ. शर्मा को यह उपाधि हिंदी भक्ति काल में नारी चिंतन पर उल्लेखनीय योगदान पर प्रदान की गई। डॉ.श्रीकृष्ण पिछले कई साल से शिक्षा, खेल, सामाजिक और पर्यावरण क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए हुए हैं। वर्तमान में महिला पीजी महाविद्यालय में प्राचार्य है। डॉ. शर्मा को पूर्व में भी भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा संस्था से श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान प्राप्त हो चुका है।


