भास्कर न्यूज | जशपुरनगर शहर में इन दिनों जतरा मेला की धूम मची है। शहर ही नहीं, बल्कि गांव-गांव से लोग मेला देखने पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कीर्तन भवन में भागवत कथा का आयोजन किया गया है। दोनों ही कार्यक्रमों में आयोजकों की ओर से पार्किंग को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई है। मेले के गेट नंबर-2 के बाहर पार्किंग के लिए जगह नहीं होने गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी की जा रही हैं। इससे बस स्टैंड चौक से लेकर गायत्री मंदिर तक रोड पर लगातार जाम लग रहा है। दरअसल पहले जहां गाड़ियांें की पार्किंग होती थी, उस जमीन निजी थी। अब जमीन मालिक ने बाउंड्री कराकर जमीन को घेर लिया है। ऐसी स्थिति में मेला देखने पहुंचने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भाजपा कार्यालय के सामने और रानी सती तालाब पुल के पास की गई है। मेले में गेट के पास जहां वाहन पार्क हो सकते थे, वहां भी बाहर से आए दुकानदारों ने दुकानें लगा ली हैं। इसके अलावा सड़क के तरफ ऑटो वालों ने कब्जा जमा लिया है। ऐसी स्थिति में दोपहिया लाइन से रानी सती तालाब के पुल पर रेलिंग से सटकर खड़े किए जा रहे हैं। सड़क के दोनों ओर वाहन पार्क होने से किसी चारपहिया के प्रवेश करने पर जाम लग जाता है। रोजाना दोपहर बाद यही स्थिति बन रही है। मेले में गेट-1 पर गौशाला परिसर के सामने सड़क किनारे ही सब्जी, मांस-मछली सहित अन्य दुकानें लगा दी जा रही हैं। जबकि दो सप्ताह पहले ही प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे से दुकानें हटवाकर बाजार शेड के नीचे शिफ्ट किया था। यदि यहां सड़क किनारे दुकानें ना लगें, तो अधिकांश लोगों को वाहन पार्क करने के लिए पर्याप्त जगह मिल जाएगी। यातायात पुलिस ने बसों का रूट भी नहीं बदला मेले में पार्किंग की जगह नहीं होने के बावजूद यातायात पुलिस ने बसों का रूट नहीं बदला है। जशपुर के बस स्टैंड से निकलने वाली सभी बसें पुरानीटोली रोड और बस स्टैंड में प्रवेश करने वाली बसें महाराजा चौक रोड से गुजर रही हैं। बसों का रूट मेला अवधि तक महाराजा चौक किया जाता, तो काफी हद तक जाम की समस्या से राहत मिल सकती थी। मेले में भीड़ के हिसाब से पार्किंग की जगह नहीं ^मेला जहां पर लगा है, वहां भीड़ के हिसाब से पार्किंग के लिए जगह नहीं है। यातायात पुलिस के जवान दोनों गेट पर तैनात हैं। जाम की स्थिति पर नियंत्रण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। आयोजन समिति को भी पार्किंग की जगह बनाने में मदद करनी चाहिए। प्रदीप मिश्रा, यातायात प्रभारी, जशपुर कीर्तन भवन के सामने बाजार और टैक्सी पार्किंग कीर्तन भवन के सामने पार्किंग की जगह बनाई जा सकती थी। यहां कई कारोबारी अस्थायी टेंट गाड़कर रोजाना दुकानें लगाते हैं। इन दुकानदारों को व्यवस्थित कर वाहन खड़े करने की जगह बन सकती थी। कीर्तन भवन के सामने ठेले वाले सड़क से सटाकर दुकानें लगाते हैं। इसके अलावा डेली सब्जी मंडी के सामने की जगह पर स्थायी रूप से टैक्सी पार्किंग होती है।


