लुधियाना| शहर में नशा तस्करी और नशे के सेवन के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हेरोइन और गांजा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना दरेसी की पुलिस ने दौलत कॉलोनी इलाके से कुशल कपूर निवासी मनी सिंह नगर को नशा करते हुए गिरफ्तार किया। वहीं थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने मेट्रो माल रोड के पास से 7 ग्राम हेरोइन सहित दीपक पुत्र सुखदेव सिंह निवासी चिट्टी कॉलोनी और चरणजीत सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी गगनदीप कॉलोनी को काबू किया। इसी तरह थाना जोधेवाल की पुलिस ने सब्जी मंडी, बहादुर के रोड से 50 ग्राम हेरोइन सहित अमनदीप सिंह निवासी दश्मेशपुरी कॉलोनी को गिरफ्तार किया। थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने छोटी भामिया इलाके से लवन सहोता को नशा करते हुए पकड़ा। थाना दुगरी की पुलिस ने विकास नगर से 156 ग्राम गांजा सहित पवन साहनी को गिरफ्तार किया। वहीं थाना डाबा की पुलिस ने नवजीत सिंह निवासी मोहल्ला प्रीत नगर, थाना शिमलापुरी की पुलिस ने जतिंदर सिंह, जबकि थाना पीएयू की पुलिस ने ग्राउंड अल्टॉस नगर से अरुण सगड़ निवासी ऋषि नगर को नशा करते हुए काबू किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।


